Palamu: पाटन थाना क्षेत्र के अमवा गांव में घर की छत पर करकट चढ़ाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. करकट का एस्बेस्टस अचानक टूट जाने से एक व्यक्ति ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान अमवा गांव निवासी 45 वर्षीय सूर्यनाथ भुइयां के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार सूर्यनाथ भुइयां बुधवार सुबह अपने घर की छत पर करकट लगाने का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान अचानक एस्बेस्टस टूट गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे जमीन पर आ गिरे.
गिरने से आई गंभीर चोटें
ऊंचाई से गिरने के कारण सूर्यनाथ भुइयां को गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया.

प्राथमिक उपचार के बाद MMCH रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) रेफर कर दिया. अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के अनुसार MMCH में इलाज जारी है, लेकिन घायल की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है. चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है.
