Palamu: जिला अंतर्गत मनातू थाना क्षेत्र के सिलदिलाया गांव में मोबाइल फोन को लेकर हुआ मामूली विवाद एक बड़ी वारदात में बदल गया. यहां एक पड़ोसी ने एक युवती पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल युवती की पहचान मनातू थाना क्षेत्र के सिलदिलाया गांव निवासी स्वर्गीय मोहित मोची की 25 वर्षीय पुत्री काम्या कुमारी के रूप में की गई है. घटना के संबंध में पीड़िता के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात काम्या कुमारी का अपने पड़ोसी विनोद मोची के पुत्र सुधीर कुमार और पुत्री ललिता कुमारी के साथ मोबाइल फोन को लेकर किसी बात पर झगड़ा हो गया था. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सुधीर कुमार और ललिता कुमारी ने मिलकर काम्या कुमारी पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी.
मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर
वारदात के तुरंत बाद परिजनों द्वारा आनन-फानन में घायल काम्या कुमारी को इलाज के लिए मनातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद भी उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया. अस्पताल में इलाज जारी रहने के बावजूद युवती की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है.

AlsoRead:77 करोड़ की वसूली रोकने की साजिश बर्दाश्त नहीं, सार्वजनिक धन की रिकवरी हर हाल में होगी : हाईकोर्ट


