Ranchi: राजधानी रांची के चर्चित जमीन कारोबारी भार्गव सिंह हत्याकांड में रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने न केवल मुख्य आरोपी विजय टेटे को गिरफ्तार कर लिया है, बल्कि हत्याकांड को अंजाम देने वाले शूटर के साथ हुई मुठभेड़ के बाद उसे भी दबोच लिया है.
साजिश में जुड़ रहे नए और रसूखदार नाम
इस हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, इसमें नए और रसूखदार नाम जुड़ते जा रहे हैं. पुख्ता जानकारी के मुताबिक रांची के रातु प्रखंड का एक मुखिया भी इस पूरी साजिश का हिस्सा है. मुखिया उस विवादित जमीन में विजय टेटे का पार्टनर है, जिसके कारण भार्गव सिंह की हत्या कर दी गई.
मुठभेड़ के बाद शूटर सत्यम पाठक गिरफ्तार
इस हत्याकांड में रांची पुलिस ने घटना के तुरंत बाद विजय टेटे को गिरफ्तार कर लिया था और आज पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हत्याकांड में शामिल शूटर सत्यम पाठक शहर के बाहरी इलाके में छिपा है. घेराबंदी के दौरान सत्यम ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जो सत्यम पाठक के दोनों पैरों में लगी. जिसके बाद घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और वर्तमान में कड़े पुलिस पहरे के बीच उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
जमीन विवाद बना हत्या का मुख्य कारण
मामले के मुख्य आरोपी विजय टेटे को पुलिस पहले ही अपनी गिरफ्त में ले चुकी है. पूछताछ में यह बात साफ हुई है कि हत्या के पीछे का मुख्य कारण जमीन का विवाद था.
