Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा 14वीं पीटी परीक्षा के बाद जारी की गई आंसर-की को लेकर विवाद गहरा गया है. आजसू ने आयोग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि गलत उत्तर कुंजी अपलोड कर अभ्यर्थियों को मानसिक तनाव में डाल दिया गया. पार्टी के महासचिव संजय मेहता ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए आयोग के सचिव को पत्र लिखकर विरोध दर्ज कराया. उन्होंने कहा कि 20 अप्रैल को जारी अधिकांश आंसर-की गलत थी, जिसे बाद में 21 अप्रैल को वेबसाइट से हटा लिया गया. उन्होंने इसे आयोग की गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली का एक बड़ा उदाहरण बताया.
यह भी पढ़ें : झारखण्ड मौसम अपडेट: कहीं गर्मी का सितम, तो कहीं बारिश और वज्रपात का अलर्ट
JPSC में गंभीरता का अभाव : संजय मेहता
संजय मेहता ने कहा कि इतनी महत्वपूर्ण परीक्षा में इस तरह की चूक यह दिखाती है कि आयोग में गंभीरता का अभाव है. उन्होंने कहा- “जिस परीक्षा से प्रशासनिक अधिकारी निकलते हैं, उसमें इस स्तर की लापरवाही कतई स्वीकार्य नहीं है.” उन्होंने मांग की कि इस मामले की आंतरिक जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए. आजसू ने परीक्षा के दिन भी अव्यवस्था का आरोप लगाया. कहा गया कि अटेंडेंस शीट में बुकलेट नंबर और OMR नंबर भरने के लिए पर्याप्त बॉक्स नहीं दिए गए, जिससे परीक्षार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. पार्टी ने कहा कि आयोग बार-बार ऐसी गलतियां कर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है. राज्य में पहले से पेपर लीक और परीक्षा गड़बड़ियों को लेकर अभ्यर्थियों में आक्रोश है, ऐसे में आयोग को पारदर्शिता और गंभीरता के साथ काम करना चाहिए.
यह भी पढ़ें : पलामू : नारी शक्ति वंदन बिल को लेकर विपक्ष पर बरसे केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ, 25 को रांची में बेटियों का होगा महाजुटान
