सावधान ! एक एपीके फाइल और आपका बैंक खाता साफ : साइबर ठगों ने बिछाया मायाजाल

Ajay Dayal Ranchi : क्या आपके पास भी केवाईसी अपडेट या अकाउंट बंद होने का कोई मैसेज आया है? अगर हां, तो...

Ajay Dayal 

Ranchi : क्या आपके पास भी केवाईसी अपडेट या अकाउंट बंद होने का कोई मैसेज आया है? अगर हां, तो सावधान हो जाइए ! साइबर अपराधी अब आपको कोई लिंक नहीं, बल्कि सीधे आपके मोबाइल में एपीके फाइल भेज रहे हैं. यह एक ऐसा अदृश्य हथियार है, जिसे इंस्टॉल करते ही आपके फोन का कंट्रोल आपके हाथ से निकलकर सीधे जामताड़ा या नूंह में बैठे ठगों के पास पहुंच जाता है.

धोखे का मायाजाल, असली चेहरा, नकली ऐप

आजकल व्हाट्सएप, टेलीग्राम और एसएमएस पर ठगों की फौज सक्रिय है. ये अपराधी आपको ऐसी फाइल भेजते हैं जो दिखने में बिल्कुल आपके बैंक ऐप, सरकारी पोर्टल या किसी लोकप्रिय सर्विस जैसी लगती है. इनका सबसे घातक हथियार है डर. ये आपको डराते हैं कि आपका बिजली बिल पेंडिंग है, आपका बैंक खाता फ्रीज होने वाला है, या फिर आपको करोड़ों की लॉटरी लगी है. घबराहट में जैसे ही आप इनके द्वारा भेजी गई एपीके फाइल पर क्लिक करते हैं, आप अनजाने में अपने मोबाइल के दरवाजे उनके लिए खोल देते हैं.

इंस्टॉल होते ही शुरू होता है डिजिटल अपहरण

जैसे ही आप इस फाइल को इंस्टॉल करते हैं, ऐप आपसे फोन की सेटिंग्स, एसएमएस और गैलरी की परमिशन मांगता है. हम अक्सर बिना पढ़े एलाऊ पर क्लिक कर देते हैं. बस, यहीं से खेल खत्म. इसके बाद अपराधी आपका ओटीपी सीधे पढ़ सकते हैं. आपकी गैलरी की निजी तस्वीरें और वीडियो चुरा सकते हैं. आपके कैमरे और माइक को बिना आपकी जानकारी के चालू कर सकते हैं.

क्या है यह खतरनाक एपीके फाइल

जिस तरह कंप्यूटर में सॉफ्टवेयर के लिए फाइल होती है, वैसे ही एंड्रॉयड फोन में ऐप इंस्टॉल करने के लिए एपीके फाइल का इस्तेमाल होता है. प्ले स्टोर के ऐप गूगल की सुरक्षा जांच से गुजरते हैं, लेकिन इंटरनेट या मैसेज से आने वाली ये फाइलें मालवेयर या इवेयर से लैस होती हैं, जो फोन को अंदर से खोखला कर देती हैं.

इन्हें कभी न भूलें

  •  अनजान सोर्स से डाउनलोड न करेंः गूगल प्ले स्टोर या आधिकारिक वेबसाइट के अलावा कहीं से भी ऐप डाउनलोड न करें.
  •  सेटिंग्स बदलेंः अपने फोन की सेटिंग्स में जाकर इंस्टॉल अननोन एप वाले विकल्प को हमेशा डिसेबल रखें.
  • लालच और डर से बचेंः बैंक कभी भी फाइल भेजकर केवाईसी अपडेट नहीं मांगता. ऐसे मैसेज पर तुरंत डिलीट करें.
  • परमिशन चेक करेंः ऐप इंस्टॉल करते समय देखें कि क्या एक कैलकुलेटर ऐप को आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट या एसएमएस की जरूरत है? अगर नहीं, तो तुरंत अनइंस्टॉल करें.

 

ALSO READ : सीबीएसई 12वीं रिजल्ट : 88.86 फीसदी लड़कियां पास, कुल पास प्रतिशत 85.20

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *