Saraikela : सरायकेला के सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय में बुधवार को महिला स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई. भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत विद्यालय में 14 से 15 वर्ष की छात्राओं के लिए निशुल्क एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया.
विद्यालय के प्राचार्य पार्थ सारथी आचार्य की अध्यक्षता एवं डॉ. विशाल कुमार की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन की खुराक दी गई. कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई.

सर्वाइकल कैंसर से बचाव में कारगर
डॉ. विशाल कुमार ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा यानी सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में बेहद प्रभावी मानी जाती है. उन्होंने कहा कि भारत में हर साल लगभग 75 से 80 हजार महिलाओं की मौत सर्वाइकल कैंसर के कारण होती है. कम उम्र में टीकाकरण होने से लड़कियों को वायरस के संपर्क में आने से पहले ही सुरक्षा मिल जाती है.
ALSO READ : 1 करोड़ बोनस की खबर पर बोले राकेश बेदी, “मीम वाले पैसे भी मुझे मिलने चाहिए
फरवरी 2026 से देशभर में अभियान
भारत सरकार ने फरवरी 2026 से पूरे देश में 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए निशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया है. यह अभियान पूरी तरह स्वैच्छिक और निशुल्क है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्कूलों और अन्य संस्थानों में लगातार जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं.
अभिभावकों से सहयोग की अपील
विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को इस टीकाकरण अभियान से जोड़ें ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके. स्वास्थ्य विभाग की टीम आने वाले दिनों में जिले के अन्य स्कूलों में भी यह अभियान चलाएगी.
ALSO READ : टेंडर कमीशन घोटाला : निलंबित चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम के सीए मुकेश मित्तल हाईकोर्ट से याचिका ली वापस
