सरायकेला: झारखंड लोकसेवा आयोग द्वारा आयोजित संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिले में नामित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण संबंधित सेंटर सुपरिटेंडेंट द्वारा किया गया. यह परीक्षा 19 अप्रैल 2026 को जिले के कुल 8 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी.
परीक्षा केंद्रों का किया गया निरीक्षण
इसी क्रम में KVPS CM SOE (Girls), सरायकेला परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण प्रखंड विकास पदाधिकारी, कुचाई साधु चरण देवगम द्वारा किया गया. वहीं, श्रीनाथ कॉलेज एजुकेशन, आदित्यपुर परीक्षा केंद्र का निरीक्षण प्रखंड विकास पदाधिकारी, खरसावां प्रधान मांझी द्वारा किया गया. इसके अतिरिक्त अन्य सेंटर सुपरिटेंडेंट द्वारा भी जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण एवं अवलोकन किया गया. निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया.
कर्मियों को दिए गए दिशा-निर्देश
प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं सेंटर सुपरिटेंडेंट द्वारा परीक्षा संचालन से जुड़े सभी बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षा को पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराया जा सके. निरीक्षण के दौरान परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समय रहते सुदृढ़ करने तथा आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया.
यह भी पढ़ें: कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय खरसावां में नामांकन हेतु प्रखंड स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न
