Bokaro: बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी ओवर ब्रिज पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. कुत्ते को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद ऑटो में फंसे चालक को कटर से वाहन काटकर बाहर निकाला गया.
डिवाइडर और स्ट्रीट लाइट पोल से टकराकर पलटा ऑटो
जानकारी के अनुसार, ऑटो संख्या जेएच-10एक्यू-4228 कथारा से बोकारो थर्मल की ओर जा रहा था. इसी दौरान डीवीसी ओवर ब्रिज स्थित लाइफ एंड केयर जांच घर के समीप सड़क पार कर रहे एक कुत्ते को बचाने के दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया.तेज रफ्तार होने के कारण ऑटो पहले डिवाइडर से टकराया और फिर स्ट्रीट लाइट के पोल से जा भिड़ा. इसके बाद ऑटो बीच सड़क पर पलट गया.
ऑटो में बुरी तरह फंस गया चालक
हादसे में ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक संजय कुमार सिंह (40 वर्ष) वाहन के मलबे में दबकर फंस गए. मौके पर मौजूद राहगीरों अनिल सिंह, राहुल, शशि, नंद किशोर सिंह सहित अन्य लोगों ने चालक को निकालने का प्रयास किया, लेकिन ऑटो का लोहा बुरी तरह फंस जाने के कारण सफलता नहीं मिली.इसके बाद कटर मंगवाकर ऑटो के हिस्से को काटा गया और काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका.
घायल चालक को बीजीएच किया गया रेफर
स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल डीवीसी अस्पताल पहुंचाया गया. यहां ऑन ड्यूटी डीवीसी के डीजीएम हेल्थ डॉ. संजय कुमार ने प्राथमिक उपचार किया.उन्होंने बताया कि दुर्घटना में चालक का बायां हाथ और पैर फ्रैक्चर हो गया है, जबकि दाहिने जबड़े में भी गंभीर चोट आई है. हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बीजीएच बोकारो रेफर कर दिया गया.
पुलिस और जनप्रतिनिधि पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही बोकारो थर्मल थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव, अनि मनोज कुमार सिंह, सअनि पंकज कुमार भारद्वाज और गोविंदपुर सी पंचायत के मुखिया विकास सिंह डीवीसी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायल चालक का हालचाल जाना और घटना की जानकारी ली.बताया जा रहा है कि घायल चालक संजय कुमार सिंह ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं
ALSO READ: बोकारो: उच्चतर शिक्षा और करियर के विभिन्न अवसरों से अवगत हुए DPS बोकारो के विद्यार्थी
