Bokaro: बुधवार को उपायुक्त-सह-क्षेत्रीय निदेशक, जियाडा बोकारो प्रक्षेत्र अजय नाथ झा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिले के विभिन्न औद्योगिक संगठनों (एसोसिएशन) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में सभी एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने एजेंडा प्रस्तुत किए तथा औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से प्रशासन को अवगत कराया.
प्रतिनिधियों ने किया BSL के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कराने का अनुरोध
बैठक में एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बीएसएल (BSL) के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कराने का अनुरोध किया. साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं, विशेषकर सड़कों, नालियों एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता पर बल दिया. इस दौरान उपायुक्त-सह-क्षेत्रीय निदेशक, जियाडा ने सभी औद्योगिक संगठनों को BSL के साथ प्रस्तावित पीएलसी बैठक के लिए अपना एजेंडा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
उन्होंने सभी प्रतिनिधियों को औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण की स्थिति, रोजगार के अवसर, यातायात प्रबंधन, बंद औद्योगिक इकाइयों की वर्तमान स्थिति सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर 15 दिनों के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में प्रशिक्षु IAS अरविंद राधाकृष्णन, क्षेत्रीय उप निदेशक, जियाडा बोकारो प्रक्षेत्र मनोज कुमार, सहायक विकास पदाधिकारी, जियाडा, बोकारो चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज, उद्योग संकल्प, लघु उद्योग भारती, एससी/एसटी उद्यमी विकास संघ तथा बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: रांची: खेती के मौसम में बिजली संकट, सोनाहातू के चोगा गांव में 23 पोलों से तार चोरी, सिंचाई व्यवस्था ठप
