Ranchi: सोनाहातू थाना क्षेत्र के चोगा गांव में बिजली तार चोरी की घटना से किसानों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है. खेतों तक बिजली पहुंचाने के लिए लगाए गए करीब 23 बिजली पोलों से अज्ञात चोरों ने तार काटकर चोरी कर लिए, जिससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है और बिजली आधारित सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है.
रात के अंधेरे में चोरों ने दिया घटना को अंजाम
बताया जा रहा है कि अज्ञात चोरों ने रात के समय बिजली लाइन को निशाना बनाया और कई पोलों से तार काटकर ले गए. सुबह जब किसानों की नजर बिजली लाइन पर पड़ी तो चोरी की जानकारी सामने आई. एक साथ 23 पोलों से तार गायब होने की घटना के बाद किसानों में भारी नाराजगी है.
सिंचाई प्रभावित होने से फसल पर संकट
किसानों का कहना है कि यह समय खेतों में पानी देने का है. बिजली आपूर्ति बंद होने से मोटर और अन्य सिंचाई उपकरण नहीं चल पा रहे हैं. इससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है. किसानों ने जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की है.
बिजली विभाग ने दर्ज कराई प्राथमिकी
घटना की सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है. विभाग के एसडीओ ने बताया कि तार चोरी को लेकर सोनाहातू थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरी में शामिल लोगों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है.
पंचायत प्रतिनिधि ने की जल्द कार्रवाई की मांग
जामुदाग पंचायत के पंचायत समिति सदस्य रूप कुमार साहू ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. साथ ही बिजली विभाग से प्रभावित इलाके में तत्काल नए तार लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की अपील की.
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
किसानों ने प्रशासन से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने के साथ-साथ बिजली लाइन की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द बिजली बहाल नहीं हुई तो सिंचाई प्रभावित होने से फसल उत्पादन पर गंभीर असर पड़ सकता है.
