बोकारो: जियाडा क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर पीसीसी/एलएसी बैठक में 13 मामले में लिया निर्णय

Bokaro: जियाडा भवन, बोकारो सभागार में गुरुवार को उपायुक्त सह क्षेत्रीय निदेशक, जियाडा बोकारो प्रक्षेत्र की अध्यक्षता में पीसीसी/एलएसी की बैठक आयोजित...

PCCLAC meeting
पीसीसी/एलएसी बैठक

Bokaro: जियाडा भवन, बोकारो सभागार में गुरुवार को उपायुक्त सह क्षेत्रीय निदेशक, जियाडा बोकारो प्रक्षेत्र की अध्यक्षता में पीसीसी/एलएसी की बैठक आयोजित की गई. बैठक में कुल 13 मामलों पर निर्णय लिया गया. इनमें 4 मामले लीज होल्ड राइट ट्रांसफर तथा 9 मामले अतिरिक्त आइटम एवं आइटम परिवर्तन से संबंधित थे. साथ ही विभिन्न औद्योगिक इकाइयों से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा उनके त्वरित निष्पादन पर बल दिया गया.

सड़क, नाला एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण का निर्देश

उपायुक्त-सह-क्षेत्रीय निदेशक ने जियाडा क्षेत्र की आंतरिक सड़कों की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए इनके शीघ्र मरम्मतीकरण का निर्देश दिया. साथ ही, नालों की सफाई एवं मरम्मत, जलापूर्ति व्यवस्था, वाटर बॉडी के संरक्षण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा. उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी कंपनियों को समन्वित रूप से कार्य करने तथा एक साझा विकास बजट तैयार करने का सुझाव दिया, ताकि क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं का बेहतर विकास सुनिश्चित किया जा सके.

यातायात, पार्किंग एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र में पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा भारी वाहनों की ओवरलोडिंग की समस्या पर भी विस्तार से चर्चा हुई. उपायुक्त ने कहा कि अवैध पार्किंग एवं यातायात अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी पहल की जाए. उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर जुर्माना लगाने एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वहीं, निष्क्रिय एवं नियमों का पालन नहीं करने वाली इकाइयों के विरुद्ध कारण पृच्छा जारी कर आवश्यकतानुसार लीज निरस्तीकरण की कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

जियाडा क्षेत्र के लिए अलग फायर स्टेशन गठन का प्रस्ताव

उपायुक्त ने औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जियाडा क्षेत्र के लिए पृथक फायर स्टेशन की स्थापना की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने संबंधित विभागों को इस दिशा में आवश्यक पहल करने एवं प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित अग्निशमन सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें.

बैठक में क्षेत्रीय उप निदेशक, जियाडा बोकारो प्रक्षेत्र, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, सहायक विकास पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल चास, क्षेत्रीय पदाधिकारी, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद धनबाद, अग्रणी जिला प्रबंधक, अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, अनुसूचित जाति एवं जनजाति उद्यमी विकास संघ के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: दिग्गज ढूंढ रहे ‘दिल्ली’ का आशीर्वाद, इधर रवि पीटर ने बिना प्रस्तावक ही ठोक दी राज्यसभा की ताल

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *