Bermo: DVC के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रविवार दोपहर बाद बोकारो थर्मल स्थित स्वामी विवेकानंद मैदान में एक मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया. यह मुकाबला डीवीसी के कर्मचारियों-अधिकारियों और CISF की टीम के बीच खेला गया. मैच का उद्घाटन डीवीसी के HOP सुशील कुमार अरजरिया, GM (HR) एए कुजूर और GM (Mechanical) नरेश मुरस्कर ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और HOP ने फुटबॉल में किक मारकर किया. इस अवसर पर HOP ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के महत्व को रेखांकित किया.
CISF ने 5-1 से दर्ज की जीत
मैदान पर दोनों ही टीमों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला और दोनों ओर से बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया. हालांकि, बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल के बूते CISF की टीम ने DVC की टीम को एक के मुकाबले पांच (5-1) गोल के बड़े अंतर से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया. मैच की समाप्ति के बाद पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता टीम के कप्तान जयपाल टुडू (CISF) और उपविजेता टीम के कप्तान GM अभिजीत दुले (DVC) सहित सभी खिलाड़ियों को कप और पुरस्कार प्रदान किए गए.

खिलाड़ियों को सम्मानित करने वालों में मुख्य रूप से HOP सुशील कुमार अरजरिया, GM एए कुजूर, GM नरेश मुरस्कर, वरीय प्रबंधक सह कंस्ट्रक्शन हेड देव प्रसाद खां और CISF फायर के डिप्टी कमांडेंट अरुण कुमार गिरी शामिल थे. पूरे मैच के दौरान मैदान में खेल का रोमांच बढ़ाने के लिए उद्घोषक की भूमिका आरती रानी और दीनानाथ शर्मा ने निभाई. मौके पर DVC के वरीय प्रबंधक HR पार्थ साथी मुखर्जी, सरफराज शेख, CISF के निरीक्षक प्रशांत कुमार प्रसून, निरीक्षक फायर एके शर्मा, अनि राजीव कर्ण, सअनि रविंद्र कुमार आदि मौजूद थे. जबकि खेल को देखने के लिए बड़ी संख्या में DVC कर्मी और स्थानीय खेल प्रेमी मौजूद थे.


