Bokaro: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा घोषित इंटरमीडिएट कॉमर्स परीक्षा परिणाम में बोकारो जिले के डीवीसी बोकारो थर्मल प्लस टू विद्यालय की छात्रा और कथारा क्षेत्र स्थित बांध बस्ती कमल टोला की स्वीटी कुमारी ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है. स्वीटी ने 85.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पांचवां स्थान हासिल किया है और अपने विद्यालय में कॉमर्स वर्ग की टॉपर बनी हैं.
परिवार के संघर्ष ने दिलाई सफलता
एक साधारण परिवार से आने वाली स्वीटी की इस सफलता ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है. पिता सुरेश यादव और माता आशा देवी की आंखें खुशी से भर आईं. डीवीसी ओवरब्रिज पर निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत सुरेश यादव सीमित आय के बावजूद बच्चों की शिक्षा को लेकर हमेशा गंभीर रहे. ट्यूशन पढ़ाकर घर चलाने के साथ उन्होंने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी. वहीं माता आशा देवी ने स्वीटी को घरेलू कामों से दूर रखकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने में मदद की.
कड़ी मेहनत का मिला फल
अपनी सफलता के बारे में स्वीटी ने बताया कि वह रोज लगभग आठ घंटे नियमित पढ़ाई करती थी. विद्यालय टॉपर बनने और जिले की टॉप-5 सूची में स्थान मिलने की खबर से उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. स्वीटी ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता के संघर्ष और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया.
पुलिस सेवा में जाने का सपना
भविष्य के लक्ष्य पर बात करते हुए स्वीटी और उसके माता-पिता ने बताया कि वह जेपीएससी परीक्षा पास कर राज्य की पुलिस सेवा में जाना चाहती है, ताकि समाज और देश की सेवा कर सके. स्वीटी की इस उपलब्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
