Palamu: जिले में महिला स्वावलंबन के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है. वर्षों से बंद पड़े कोयल अपेरल पार्क को पुनर्जीवित करने के बाद अब वहां कार्यरत महिलाओं को उनकी मेहनत का फल मिलना शुरू हो गया है. उपायुक्त श्रीमती समीरा एस और उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने संयुक्त रूप से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उनके पहले मासिक मानदेय का चेक प्रदान किया.
प्रशासन के प्रयास से शुरू हुआ पार्क
उपायुक्त और उप विकास आयुक्त के सतत प्रयासों से इस बंद पड़े पार्क को फिर से शुरू किया गया है. इसके लिए जिला प्रशासन ने कई कंपनियों से वार्ता की, जिसके बाद लीजर एंड लाइफस्टाइल ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड का चयन अंडरगारमेंट्स निर्माण के लिए किया गया. वर्तमान में यहां साठ स्वयं सहायता समूह की दीदियां सिलाई का कार्य कर रही हैं.
रोजगार बढ़ाने का लक्ष्य
प्रशासन का लक्ष्य है कि आगामी छह महीनों के भीतर इस संख्या को बढ़ाकर दो सौ पचास तक पहुंचाया जाए. वैसी महिलाएं जिन्होंने आरसेटी से सिलाई का प्रशिक्षण लिया है, वे इस पार्क में रोजगार के लिए आवेदन करने हेतु पात्र मानी गई हैं.
Also Read: झारखंड में घोटालों की बाढ़ ! बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर तीखा हमला
सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान
उपायुक्त समीरा एस ने इस अवसर पर कहा कि सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है. जब महिलाओं को उनके घर के समीप ही रोजगार मिलता है, तो न केवल उनका परिवार बल्कि पूरे समाज की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है. उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने बताया कि परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और चारदीवारी का निर्माण व स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. साथ ही महिलाओं के लिए डीलक्स शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है.
अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और जेएसएलपीएस के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता केरकेट्टा और जिला प्रबंधक नवल किशोर राजू शामिल थे. इनके अलावा प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक वैभव कांत आदर्श और प्रखंड परियोजना पदाधिकारी राजीव भारद्वाज भी मौजूद रहे. लीजर एंड लाइफस्टाइल कंपनी की ओर से सैकत मुखर्जी और राहुल अग्रवाल के साथ आनंद सिंह और वरुण जलोटा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई.
महिलाओं में दिखा उत्साह
पहली सैलरी पाकर महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह देखा गया. महिलाओं ने एक स्वर में प्रशासन के इस कदम की सराहना की. यह पहल पलामू में पलायन को रोकने और महिलाओं को उद्यमी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.
