News Wave Desk: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है. आयोग ने 26 जुलाई 2026 को प्रस्तावित प्रीलिम्स परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है. इस संबंध में BPSC ने आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करते हुए उम्मीदवारों को इसकी जानकारी दी है. आयोग ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर भी परीक्षा स्थगित होने की सूचना साझा की है. BPSC ने स्पष्ट किया है कि 26 जुलाई को होने वाली प्रारंभिक परीक्षा अब निर्धारित तिथि पर आयोजित नहीं की जाएगी.
नई परीक्षा तिथि जल्द होगी घोषित
फिलहाल आयोग ने नई परीक्षा तिथि की घोषणा नहीं की है. BPSC ने कहा है कि संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जल्द ही उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और परीक्षा से जुड़ी हर आधिकारिक सूचना के लिए केवल BPSC की वेबसाइट और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ही नजर रखें.
महत्वपूर्ण सूचना
एकीकृत 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा, जो 26 जुलाई, 2026 को आयोजित होनी थी, अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है।
परीक्षा की नई तिथि की सूचना आयोग द्वारा शीघ्र जारी की जाएगी।#BPSC #BPSCExam #BPSCNotice #BPSCUpdates #ExamUpdate #BPSC72nd… pic.twitter.com/aEPRJrI9Eu
— Bihar Public Service Commission (@BPSCOffice) July 18, 2026
7 मई से 31 मई तक हुए थे आवेदन
BPSC 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 7 मई से 31 मई 2026 तक चली थी. इस भर्ती के लिए लाखों उम्मीदवारों ने आवेदन किया है और सभी 26 जुलाई को होने वाली प्रारंभिक परीक्षा का इंतजार कर रहे थे. हालांकि अब परीक्षा स्थगित होने के बाद उम्मीदवारों को तैयारी और रिवीजन के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है. अब सभी अभ्यर्थियों की नजर आयोग की ओर से जारी होने वाली नई परीक्षा तिथि और संशोधित शेड्यूल पर टिकी हुई है.
Read Also: कोडरमा : नोटबंदी घोटाले में बैंक मैनेजर गिरफ्तार, 2 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप
