चक्रधरपुर नगर परिषद बोर्ड के 90 दिन पूरे, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष ने गिनाई उपलब्धियां

Chakardharpur: नगर परिषद बोर्ड के गठन के 90 दिन पूरे होने पर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव एवं उपाध्यक्ष विजय कुमार साव...

Chakardharpur:  नगर परिषद बोर्ड के गठन के 90 दिन पूरे होने पर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव एवं उपाध्यक्ष विजय कुमार साव ने प्रेसवार्ता आयोजित कर अब तक किए गए कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि नगर परिषद का मुख्य लक्ष्य चक्रधरपुर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है. अध्यक्ष सन्नी उरांव ने बताया कि बीते 90 दिनों में शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं.

कचरा संग्रहण व्यवस्था बेहतर हुआ 

वार्ड स्तर पर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है तथा जल्द ही सभी वार्डों में नियमित सफाई व्यवस्था को और प्रभावी किया जाएगा. इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.उन्होंने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में लगभग 100 विकास योजनाओं का टेंडर किया गया है. इन योजनाओं में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सामुदायिक भवनों के विकास एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं. नगर परिषद द्वारा 13वें एवं 15वें वित्त आयोग की योजनाओं को भी गति दी गई है, जिससे शहर के विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी.

विकास योजनाओं को बेहतर करने की कोशिश 

उपाध्यक्ष विजय कुमार साव ने कहा कि नगर परिषद भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ-साथ शहर में एक आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स विकसित करने की दिशा में भी पहल की जा रही है. वहीं, खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत, सामुदायिक शौचालयों के रखरखाव और सड़क प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी कार्य किया जा रहा है. विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए नगर परिषद लगातार प्रयासरत है. आने वाले समय में शहरवासियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. प्रेसवार्ता के दौरान नगर परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि चक्रधरपुर के समग्र विकास, स्वच्छता और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किए जा रहे हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले महीनों में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर दिखाई देंगी, जिससे शहर के विकास को नई गति मिलेगी.

AlsoRead:के. राजू का बड़ा आरोप : BJP करना चाहती है हॉर्स ट्रेडिंग, वोट खरीदने की हो रही कोशिश

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *