New Delhi/Lohardaga: दिल्ली में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांग्रेस नेता धीरज कुमार साहू ने शिष्टाचार मुलाकात की. मुलाकात के दौरान राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, झारखंड सरकार में गठबंधन की मजबूती, विकास योजनाओं की प्रगति तथा लोहरदगा स्थित बीएस कॉलेज परिसर में प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम के विकास सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई. बताया जा रहा है कि यह बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई, जिसमें दोनों नेताओं ने राज्य के समग्र विकास और राजनीतिक स्थिरता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया. खासकर झारखंड में विकास योजनाओं को तेज गति देने तथा क्षेत्रीय असंतुलन को दूर करने को लेकर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ. मुलाकात के बाद पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि झारखंड में वर्तमान गठबंधन सरकार जनहित के मुद्दों पर मजबूती से काम कर रही है. राज्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं और सरकार को चाहिए कि वह शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्रों में और अधिक ध्यान दे.
यह भी पढ़ें : वीडियो वायरल मामला: बोकारो एसपी की कार्रवाई, कार्य में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी को किया सस्पेंड
धीरज साहू ने क्रिकेट स्टेडियम का उठाया मुद्दा
धीरज साहू विशेष रूप से लोहरदगा के बीएस कॉलेज परिसर में क्रिकेट स्टेडियम के विकास का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह क्षेत्र प्रतिभाओं से भरा हुआ है, लेकिन संसाधनों के अभाव में युवाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता. यदि इस स्टेडियम का समुचित विकास किया जाता है, तो इससे स्थानीय युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और जिले की पहचान भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी. इसके अलावा उन्होंने झारखंड में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया. कहा कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी कई मूलभूत सुविधाओं की कमी है, जिसे दूर करने के लिए सरकार को प्राथमिकता के आधार पर कार्य करना चाहिए.
यह भी पढ़ें : गुवा सेल खदान को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन तेज, वार्ता विफल होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
राज्य सरकार शिक्षा और खेल के क्षेत्र में विशेष ध्यान दे रही : हेमंत
वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मुलाकात को सकारात्मक बताते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है. झारखंड में गठबंधन सरकार पूरी मजबूती के साथ काम कर रही है और सभी सहयोगी दल मिलकर राज्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और खेल के क्षेत्र में विशेष ध्यान दे रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि लोहरदगा के बीएस कॉलेज स्थित क्रिकेट स्टेडियम के विकास के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. झारखंड के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम कर रही है, जिनका लाभ जल्द ही आम जनता को मिलेगा. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर सृजित करने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है. मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि गठबंधन सरकार पूरी तरह स्थिर है और जनता के विश्वास पर खरी उतरने के लिए प्रतिबद्ध है. सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के हर वर्ग तक विकास की रोशनी पहुंचाना है. हेमंत सोरेन ने आश्वासन दिया कि लोहरदगा क्रिकेट स्टेडियम में बहुत जल्द फ्लड लाइट (Flood Light) लग जाएगा. साथ ही क्रिकेट मैदान का विस्तारीकरण भी होगा.
