Chaibasa:भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार के द्वारा आज निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण हेतु सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर में स्थापित वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया. उक्त निरीक्षण प्रक्रिया विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई. निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, प्रवेश एवं निकास नियंत्रण व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, सील की स्थिति तथा संग्रहित मशीनों का रखरखाव का गहन परीक्षण किया गया. साथ ही वेयरहाउस परिसर में सुरक्षा मानकों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई.

वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा महत्वपूर्ण
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता को बनाए रखने में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का सुरक्षित संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनी रहे. उन्होंने कहा कि त्रैमासिक निरीक्षण की प्रक्रिया में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की सहभागिता निर्वाचन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं भरोसेमंद बनाती है. इससे निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं में सभी हितधारकों के बीच विश्वास एवं उत्तरदायित्व की भावना मजबूत होती है.
सम्पूर्ण प्रक्रिया संतोषजनक
निरीक्षण के दौरान उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी वेयरहाउस में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं का अवलोकन किया तथा संपूर्ण प्रक्रिया को संतोषजनक बताया. इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री बंधन लॉन्ग, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री संजय कुमार, निर्वाचन शाखा के कर्मी, सुरक्षा बल के प्रतिनिधि एवं अन्य उपस्थित रहे.
