Hazaribagh: बरही स्थित 132 केवी एवं 33 केवी दामोदर वैली कॉरपोरेशन उपकेंद्र परिसर में गुरुवार को उपभोक्ता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य बरही-कोडरमा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाना, उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करना तथा विभाग और उपभोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था.
उपभोक्ताओं ने उठाए बिजली आपूर्ति और लो वोल्टेज के मुद्दे
बैठक में झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों, औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों तथा व्यावसायिक उपभोक्ताओं ने बिजली आपूर्ति में आ रही तकनीकी दिक्कतों, लो वोल्टेज और अन्य समस्याओं को प्रमुखता से रखा. डीवीसी अधिकारियों ने सभी सुझावों और शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया.

नया ट्रांसफार्मर बनेगा राहत का आधार
डीवीसी अधिकारियों ने बताया कि बरही और कोडरमा क्षेत्र में लंबे समय से बनी वोल्टेज फ्लक्चुएशन की समस्या के समाधान के लिए तकनीकी स्तर पर सुधारात्मक कार्य जारी है. जून के अंतिम सप्ताह अथवा जुलाई के प्रथम सप्ताह तक बांझेडीह स्थित केटीपीएस प्लांट में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया जाएगा. इसके बाद क्षेत्र में वोल्टेज संबंधी समस्याओं में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है.
लोड सेटिंग की पूर्व सूचना देने की मांग
बैठक के दौरान जेबीवीएनएल अधिकारियों ने डीवीसी से अनुरोध किया कि लोड सेटिंग या विद्युत आपूर्ति में किसी भी प्रकार के बदलाव से पूर्व सूचना उपलब्ध कराई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को समय रहते जानकारी दी जा सके और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
औद्योगिक क्षेत्र और ग्रामीण इलाकों की समस्याएं भी उठीं
बरही मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष पी.के. गर्ग ने जियाडा औद्योगिक क्षेत्र में नियमित, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी. वहीं चौपारण की निवर्तमान उपप्रमुख प्रीति कुमारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त लो वोल्टेज की समस्या को गंभीर बताते हुए इसके त्वरित समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया.
बड़ी संख्या में अधिकारी और उपभोक्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में डीवीसी के जीएम राविंद मंडल, डीजीएम सम्राट भौमिक, प्रीतम घोष, सुजीत कुमार और राकेश रंजन केशरी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे. वहीं जेबीवीएनएल की ओर से अधीक्षण अभियंता ए.के. उपाध्याय, कार्यपालक अभियंता के.एम. हेस्सा, सहायक अभियंता सौरभ लिंडा तथा कनीय अभियंता अभिषेक आनंद एवं ओमकार जायसवाल ने भाग लिया. इसके अलावा रेलवे विभाग के प्रतिनिधि, औद्योगिक इकाइयों के संचालक तथा बड़ी संख्या में उपभोक्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए.
यह भी पढ़ें: कोडरमा:जे जे कॉलेज को सर जेसी बोस विश्वविद्यालय, गिरिडीह में स्थानांतरित करने का विरोध
