Bermo: DVC के स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को बोकारो थर्मल में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. स्थापना दिवस उत्सव की शुरुआत सुबह 6:30 बजे ओवरब्रिज पर आयोजित मिनी मैराथन दौड़ से हुई, जिसमें मूसलाधार बारिश के बावजूद सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चे, एथलीट, महिलाएं, DVC कामगार, अधिकारी, इंजीनियर और CISF के जवान शामिल हुए. तीन और छह किलोमीटर की इस दौड़ को 18 वर्ष से कम तथा 18 वर्ष से ऊपर के महिला, पुरुष, बालक एवं बालिका वर्गों में बांटा गया था. मैराथन को HOP सुशील कुमार अरजरिया, वरीय GM (O&M) मधुकर श्रीवास्तव, GM (HR) एए कुजूर, GM एसके महापात्र, नरेश मुरस्कर, सोमेन मंडल और CSR के वरीय प्रबंधक मनीष कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
प्रतियोगिता में ये रहे विजेता
प्रतियोगिता में 18 वर्ष से कम बालक वर्ग में क्रमशः तनवीर, सेराज एवं रोहित तिर्की तथा बालिका वर्ग में सोनी कुमारी, सुमन कुमारी एवं लवली कुमारी विजेता रहीं. वहीं, 18 वर्ष से ऊपर की महिला वर्ग में अंतरा कुमारी, सोनाली कुमारी एवं खुशी कुमारी तथा पुरुष वर्ग में पंकज कुमार महतो, कमल मरांडी व करण कर्मकार ने बाजी मारी, जिन्हें बाद में पुरस्कृत किया गया. मैराथन के पश्चात मुख्य कार्यक्रम पावर प्लांट स्थित तकनीकी भवन के समक्ष आयोजित हुआ, जहां एचओपी सुशील कुमार अरजरिया ने DVC का ध्वजारोहण किया. इसके बाद एचओपी, वरीय जीएम सहित सभी जीएम ने संयुक्त रूप से केक काटकर स्थापना दिवस की खुशियां मनाईं.

100 स्कूली बच्चों के बीच CSR मद से जूतों का वितरण
इसी परिसर में एचओपी ने DVC के ऐश पॉन्ड से छाई उठाव का कार्य करने वाली कंपनी तेजस कार्गो इंडिया द्वारा संचालित 55 टन क्षमता वाली देश की आधुनिक इलेक्ट्रिकल हाईवा का फीता काटकर लोकार्पण किया. सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए DVC प्रबंधन द्वारा स्थानीय राजकीय बुनियादी विद्यालय के 100 स्कूली बच्चों के बीच CSR मद से जूतों का वितरण किया गया. साथ ही, सेंट्रल मार्केट के समीप पार्किंग स्थल पर जरूरतमंदों के लिए पुराने वस्त्र जमा करने हेतु CSR द्वारा निर्मित स्नेह वस्त्र काउंटर का उद्घाटन भी किया गया.
DVC ऑफिसर्स क्लब में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित
स्थापना दिवस की शाम DVC ऑफिसर्स क्लब में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं, जहां DVC पर आधारित लघु फिल्मों एवं फोटोग्राफी का प्रदर्शन कर विजेताओं को सम्मानित किया गया. इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में DGM अखिलेंदु सिंह, शैलेंद्र कुमार, सुरजीत सिंह, आदर्श मधुप, वरीय प्रबंधक एचआर पार्थसारथी मुखर्जी, मनीष कुमार चौधरी, गुंजन कुमार, राकेश कुमार, सरफराज शेख, सूरज कुमार तिवारी, प्रशांत कुमार, रिंकू सिंह, संतन सिंह, गजेंद्र सिंह सहित DVC के तमाम इंजीनियर, अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: पत्नी पर जानलेवा हमले के मामले में पति को 7 साल की सजा


