Ranchi: राजधानी रांची में AC कॉपर वायर चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच लोअर बाजार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मेन रोड और सुजाता चौक स्थित दुकानों से तांबे का तार चोरी करने वाले चोर को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी दुकानदार को भी पकड़ा गया है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान आठ किलो चोरी का कॉपर वायर बरामद किया है. आरोपियों में लोअर बाजार थाना क्षेत्र के अली नगर कर्बला चौक निवासी मो. आसिफ उर्फ नेपाली तथा सदर थाना क्षेत्र के कोकर चुना भट्ठा निवासी महेश लोहरा शामिल हैं.

गुप्त सूचना के आधार पर हुई जांच
पुलिस के अनुसार, लोअर बाजार थाना क्षेत्र के सुजाता चौक स्थित ‘बैन हथुसैन स्टोर’ और मेन रोड स्थित ‘सर्वदा ज्वेलर्स’ की छत पर लगे ए.सी. से तांबे का वायर चोरी किया गया था. दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार छानबीन कर रही थी. जांच के दौरान गुप्त सूचना पर पुलिस ने मो. आसिफ उर्फ नेपाली को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने चोरी की दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के कोकर चुना भट्ठा स्थित एक कबाड़ी दुकान में छापेमारी कर चोरी का 8 किलो कॉपर वायर बरामद किया. इसके बाद कबाड़ी दुकानदार महेश लोहरा को भी गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी चोरी के मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है. इस कार्रवाई में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई.
