Koderma: पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर कोडरमा पहुंचे. इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन स्टेशन भवन का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उनके साथ धनबाद रेल मंडल प्रबंधक अखिलेश कुमार भी मौजूद रहे. महाप्रबंधक ने स्पेशल सैलून से बंधुआ स्टेशन से कोडरमा स्टेशन तक विंडो इंस्पेक्शन किया. इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन स्टेशन भवन का जायजा लिया और रेलवे गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की.
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बन रहा आधुनिक स्टेशन
कोडरमा स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया स्टेशन भवन बनाया जा रहा है. एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं वाला यह भवन निर्माण के अंतिम चरण में है और जल्द ही इसके लोकार्पण की उम्मीद जताई जा रही है. निरीक्षण के दौरान कोडरमा-गया रेलखंड से बीओबीआरएम (BOBRM) कोयला रैक को भी रवाना किया गया. यह विशेष प्रकार की मालगाड़ी सामान्य रैक की तुलना में अधिक मात्रा में कोयला ढोने में सक्षम है, जिससे ऊर्जा क्षेत्र को लाभ मिलेगा. महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने बताया कि धनबाद रेल मंडल में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य चल रहे हैं. तीसरी और चौथी रेल लाइन का निर्माण प्रगति पर है, जबकि कोडरमा-बरकाकाना रेलखंड के दोहरीकरण को भी स्वीकृति मिल चुकी है.

120 साल पुराने टनल का भी किया जिक्र
उन्होंने कहा कि कोडरमा-गया रेलखंड के बीच स्थित टनल लगभग 120 वर्ष पुराना है. देश में बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए इस रेलमार्ग के माध्यम से पावर प्लांटों तक अधिक मात्रा में और कम समय में कोयला पहुंचाने के उद्देश्य से बीओबीआरएम कोयला रैक की शुरुआत की गई है. महाप्रबंधक ने उम्मीद जताई कि कोडरमा स्टेशन का नया भवन जल्द तैयार होकर आम जनता को समर्पित कर दिया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और स्टेशन की आधुनिक पहचान स्थापित होगी.
ALSO READ : इंडियन रोटी बैंक के 10 वर्ष पूरे, नि:शुल्क डिजिटल क्लास को मिला नया स्वरूप


