Ghatshila: मुसाबनी प्रखंड के सूरदा स्थित शिव मंदिर कमिटी द्वारा आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत शनिवार को पारंपरिक छऊ नृत्य का भव्य आयोजन किया गया. ढोल-नगाड़ों और महुरी की धुन पर कलाकारों ने वीर रस से ओतप्रोत प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुसाबनी के सूरदा ग्राम प्रधान लखन टुडु, पूर्व प्रमुख एवं जिला परिषद प्रत्याशी रूपाली सवैया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.
यह भी पढ़ें : हजारीबाग के दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर और ट्रक के बीच पिसी कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत
कलाकारों ने बांधा समां
स्थानीय छऊ नृत्य दलों ने महिषासुर मर्दिनी, राधा-कृष्ण और पौराणिक कथाओं पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं. मुखौटों, पारंपरिक वेशभूषा और कलात्मक भाव-भंगिमा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने कार्यक्रम का आनंद लिया.
यह भी पढ़ें : न्यूज वेव खास : झारखंड की ब्यूरोक्रेसी अब ‘यंग, डायनेमिक और रिजल्ट ओरिएंटेड’ मोड में, 46 फीसदी आइएएस हैं युवा
रविवार को डांस प्रतियोगिता
कार्यक्रम के दूसरे दिन रविवार को डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. इसमें स्थानीय युवा प्रतिभागी लोक नृत्य, आधुनिक और समूह नृत्य का प्रदर्शन करेंगे. विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा. इस आयोजन के सफल संचालन में मुख्य रूप से मंदिर के पुजारी परीक्षित पातर, सिद्धार्थ मार्डी, किशोर पातर, सत्यनारायण पातर, आकाश पातर, राहुल पातर सहित अन्य ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा. ग्राम प्रधान लखन टुडु ने कहा कि ऐसे आयोजनों से हमारी लोक संस्कृति जीवित रहती है और नई पीढ़ी को अपनी परंपरा से जुड़ने का मौका मिलता है. कमिटी ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की बात कही.
