गिरिडीह में जनगणना को लेकर मीडिया ब्रीफिंग : 16 मई से शुरू होगा पहला चरण, पहली बार ‘स्व-गणना’ की सुविधा

Giridih : जिला समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में भारत की जनगणना 2027 को लेकर मीडिया ब्रीफिंग हुई. प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण...

Giridih : जिला समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में भारत की जनगणना 2027 को लेकर मीडिया ब्रीफिंग हुई. प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं स्व-गणना (Self Enumeration) होगा. इस दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और जनगणना से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना 2027 का प्रथम चरण 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसके तहत मकानों का सूचीकरण एवं गणना कार्य किया जाएगा. इस कार्य के लिए जिले में 802 पर्यवेक्षक और 4699 प्रगणकों की प्रतिनियुक्ति की गई है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर तक सही और सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है.

यह भी पढ़ें : BREAKING: झारखंड पुलिस में अभी योगदान नहीं देंगे आईपीएस आशीष बत्रा, दिल्ली में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए राज्य सरकार ने दी मंजूरी

आमलोग अफवाह से बचें : डीडीसी

वहीं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने मीडिया प्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 16 चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें 13 ग्रामीण और 3 शहरी क्षेत्र शामिल हैं. शहरी क्षेत्रों में गिरिडीह नगर निगम, बड़की सरैया नगर पंचायत और धनवार नगर पंचायत को शामिल किया गया है. उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और आसान बनाने के लिए पहली बार स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा शुरू की गई है. इसके तहत नागरिक 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक विशेष पोर्टल (www.se.census.gov.in⁠) पर जाकर अपनी जनगणना की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं. इसके लिए पहले SE ID बनाना होगा और OTP के माध्यम से लॉगिन करना होगा. डीडीसी ने बताया कि स्व-गणना के तहत नागरिकों को लगभग 30 प्रश्नों का उत्तर देना होगा, जिसमें आवास, परिवार, बुनियादी सुविधाओं और संसाधनों से जुड़ी जानकारी शामिल होगी. डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा और केवल सरकारी उपयोग के लिए ही इस्तेमाल किया जाएगा. स्व-गणना पूर्ण होने के बाद प्राप्त एसएमएस को प्रगणक को दिखाना आवश्यक होगा.

मीडिया की भूमिका अहम

उन्होंने मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय कार्य में मीडिया एक सशक्त सेतु का काम करता है. उन्होंने अपील की कि सही और प्रमाणिक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए और किसी भी तरह की अफवाह से बचा जाए. कार्यक्रम में अपर समाहर्ता बिजय सिंह बीरूआ, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी जितेंद्र कुमार दुबे, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे. अंत में जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना 2027 में सक्रिय भागीदारी निभाएं और स्व-गणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, ताकि जिले के विकास की दिशा तय करने में सटीक आंकड़ों का उपयोग हो सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *