Giridih : अवैध पत्थर परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोल्डर लोड दो हाइवा जब्त कर लिया. गावां के प्रभारी अंचलाधिकारी CO अभिषेक कुमार ने पटना-बल्हारा मुख्य पथ पर बादीडीह और भेलवा के बीच छापेमारी कर दोनों वाहनों को रोका. जांच के दौरान जब चालकों से बोल्डर परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज और चालान मांगे गए तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद दोनों हाइवा तत्काल जब्त कर गावां थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, दोनों हाइवा जमडार पंचायत में संचालित खदान से बोल्डर लादकर क्रशर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सीओ CO ने दोनों हाइवा को पकड़ा, और गावां थाना परिसर पहुंचा दिया.
नियमानुसार की जायेगी कार्रवाई
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि दोनों वाहनों को अंचलाधिकारी CO द्वारा पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है. मामले में खनन एवं परिवहन से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है और नियमानुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद अवैध पत्थर परिवहन में संलिप्त कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई को अवैध खनन और बिना अनुमति पत्थर ढुलाई करने वालों के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है.
ALSO READ : कोडरमा : गलत इंजेक्शन से युवक की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
