Jamtara : जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत अमलाचतर गांव की महिला किसान बेदनी महतो आज सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रही हैं. राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से जुड़कर वह आधुनिक तरीके से खेती कर रही हैं और सालाना लाखों रुपये की आमदनी अर्जित कर अपने परिवार का बेहतर ढंग से पालन-पोषण कर रही हैं. बेदनी महतो अपने खेतों में बरबटी, भिंडी, बैंगन, झींगा, करेला समेत कई प्रकार की सब्जियों की खेती करती हैं. मेहनत और योजनाओं के सही उपयोग के कारण उनकी आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आया है. उन्होंने बताया कि पहले परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर थी और मजदूरी से होने वाली आय से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो जाता था. परिवार के सदस्य मजदूरी का काम करते हैं, लेकिन अकेले उसी आय से बच्चों की पढ़ाई और घरेलू जरूरतों को पूरा कर पाना संभव नहीं था.
सोलर पंप और कुएं ने बढ़ाई किसान की आय, बच्चों की शिक्षा हुई आसान
उन्होंने बताया कि सरकार की कुसुम योजना के तहत उन्हें सोलर पंप मिला, जिससे खेती में काफी सहूलियत हुई. अब खेतों की सिंचाई के लिए महंगे डीजल या पेट्रोल चालित मशीनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता. इससे खेती की लागत कम हुई और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिली. इसके अलावा यूएसए एक्शन फॉर सोशल एडवांसमेंट संस्था के माध्यम से उन्हें कुआं भी उपलब्ध कराया गया, जिससे पटवन की समस्या काफी हद तक दूर हो गई. बेदनी महतो ने कहा कि खेती से होने वाली अतिरिक्त आमदनी से अब वह अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दे पा रही हैं और परिवार की जरूरतों को भी आसानी से पूरा कर रही हैं. उन्होंने बताया कि पारंपरिक खेती के साथ-साथ सालभर सब्जी उत्पादन करने से नियमित आमदनी होने लगी है, जिससे आर्थिक परेशानियां कम हुई हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब और जरूरतमंद किसानों के लिए ऐसी योजनाएं किसी वरदान से कम नहीं हैं. हालांकि कई बार जानकारी के अभाव और बिचौलियों के सक्रिय होने के कारण वास्तविक जरूरतमंद किसानों तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पाता. कई किसान सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने के बावजूद लाभ से वंचित रह जाते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की योजनाओं का लाभ सही मायने में जरूरतमंद किसानों तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन को पारदर्शिता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है. साथ ही बिचौलियों पर रोक लगाकर इच्छुक किसानों को सीधे योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक किसान आत्मनिर्भर बन सकें.
Also Read : पुलिस टीम पर हमला और साइबर अपराधी को छुड़ाने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी


