Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही त्रुटियों पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सख्त रुख अपनाया है. राजभवन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए JPSC अध्यक्ष को पत्र भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है. सहायक वन संरक्षक की मुख्य परीक्षा और सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में प्रश्न पत्र और उत्तर कुंजी में हुई गलतियों का विशेष उल्लेख किया गया है.
Also Read : गड्ढा खोदते समय सांप ने युवक को डसा, अस्पताल में भर्ती
अभ्यर्थियों के भविष्य से खिलवाड़ पर जताई चिंता
राज्यपाल ने कहा है कि इस तरह की त्रुटियां अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करती हैं. साथ ही परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता और आयोग की साख पर भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं. उन्होंने इन मामलों को बेहद गंभीर बताते हुए तत्काल सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया है.
जांच के निर्देश, दोषियों पर होगी कार्रवाई
राज्यपाल ने सभी मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराने के निर्देश दिए हैं. जांच के आधार पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों या कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही आयोग को यह भी निर्देश दिया गया है कि भविष्य में ऐसी गलतियों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित की जाए, ताकि अभ्यर्थियों का भरोसा बहाल हो सके.
