Garhwa : जिले के केतार थाना क्षेत्र अंतर्गत पाचाडुमर गांव (बी मोड़ के समीप) में एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. अज्ञात बीमारी और तेज बुखार की चपेट में आने से बुद्धि नारायण चेरो के दो मासूम पुत्रों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में सात वर्षीय गोलू कुमार और दस वर्षीय सोनू कुमार शामिल हैं. वहीं, परिवार के चार अन्य सदस्य भी इस गंभीर बीमारी की चपेट में हैं, जिससे पूरे गांव में दहशत और चिंता का माहौल है.

इलाज के दौरान दोनों बच्चों ने तोड़ा दम
मिली जानकारी के अनुसार, गोलू और सोनू पिछले दो दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थे. शनिवार को परिजन दोनों बच्चों की बिगड़ती हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केतार लेकर पहुंचे. हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक बच्चे ने दम तोड़ दिया. दूसरे बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. साजिद ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल भवनाथपुर स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर कर दिया. परिजन उसे लेकर भवनाथपुर जा ही रहे थे कि रास्ते में ही दूसरे बच्चे की भी मौत हो गई. एक ही दिन में दो चिरागों के बुझ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में सियासी घमासान: CM हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने पर अड़े भाजपा कार्यकर्ता, पुलिस से तीखी नोकझोंक
परिवार के चार अन्य सदस्य भी बीमार, अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तेज बुखार से गंभीर रूप से पीड़ित गृहस्वामी बुद्धि नारायण चेरो और सुशील कुमार को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केतार में भर्ती कराया. परिजनों ने बताया कि बुद्धि नारायण की पत्नी और बेटी भी इसी बीमारी से ग्रसित हैं. एक ही घर के आधा दर्जन लोगों के बीमार होने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है.

