Giridih: गिरिडीह में बीते दिनों छात्रों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर शनिवार को सियासी घमासान तेज हो गया. भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने की जिद पर अड़ गए. भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता झंडा मैदान पहुंचे, जहां पहले से ही भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. भाजपा कार्यकर्ताओं के झंडा मैदान पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें पुतला दहन करने से रोकने का प्रयास किया. इस दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं के हाथों से हेमंत सोरेन का पुतला छीन लिया. इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई. कार्यकर्ता पुतला दहन करने की मांग पर अड़े रहे. स्थिति को देखते हुए झंडा मैदान से लेकर टावर चौक तक भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया. पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं थे. बाद में पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया.

यह भी पढ़ें: 50 हजार रिश्वत लेते पकड़ी गई खूंटी महिला थाना की पूर्व प्रभारी को नहीं मिला बेल
शुक्रवार को बीजेपी और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच हुआ था विवाद
दरअसल, शुक्रवार को छात्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने झंडा मैदान पहुंचे थे. इसी दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ उनका विवाद हो गया था. आरोप है कि विवाद के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं ने छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिसमें कई छात्र घायल हुए थे. घटना के बाद से ही गिरिडीह में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है. बीजेपी ने इस पूरे मामले को लेकर आक्रामक रुख अपनाया है. पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि छात्रों के साथ हुई मारपीट के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया जाएगा. वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. शनिवार को झंडा मैदान से लेकर टावर चौक तक भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच लगातार तनाव की स्थिति बनी रही. फिलहाल बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

