Ranchi: JUVNL में प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद भी पूर्व महाप्रबंधक सुनील दत्त खाखा निगम के संवेदनशील प्रशासनिक मामलों में हस्तक्षेप कर रहे है. उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए इसे प्रशासनिक व्यवस्था पर “सीधा हमला” बताया है.
अजय राय ने अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, JUVNL को सौंपे शिकायत-सह-ज्ञापन में कहा कि कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की अधिसूचना संख्या-3193 दिनांक 22 मई 2026 के तहत सुनील दत्त खाखा का स्थानांतरण दूसरे विभाग में किया जा चुका है. इसके बावजूद यदि वे निगम में कार्मिक, स्थापना, संविदा, पदस्थापन, सेवा संपुष्टि और अन्य संवेदनशील फाइलों में प्रभाव बना रहे हैं, तो यह बेहद गंभीर मामला है.

जानिए क्या-क्या आरोप लगे
उन्होंने आरोप लगाया कि “बैक-डेटिंग” के जरिए फाइल निष्पादन और आदेश निर्गत किए जाने की आशंका है, जो न केवल विभागीय नियमों की धज्जियां उड़ाता है, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करता है. अजय राय ने कहा कि आखिर ऐसा कौन-सा संरक्षण है, जिसके दम पर स्थानांतरण के बाद भी एक अधिकारी निगम की फाइलों और निर्णय प्रक्रिया पर प्रभाव बनाए हुए हैं ? यदि यह सच है, तो यह सिर्फ नियमों का उल्लंघन नहीं बल्कि शासन व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश है.
उन्होंने कहा कि JUVNL में लंबे समय से प्रभावशाली अधिकारियों का एक ऐसा तंत्र सक्रिय है, जो सत्ता और पहुंच के दम पर प्रशासनिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करता रहा है. इसका सीधा असर निगम की कार्यसंस्कृति, पारदर्शिता और कर्मचारियों के मनोबल पर पड़ा है। संघ ने साफ चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो राज्यव्यापी आंदोलन, जनहित अभियान और कानूनी लड़ाई शुरू की जाएगी.
संघ की बड़ी मांगें
- स्थानांतरण के बाद निष्पादित सभी फाइलों और आदेशों की जांच
- बैक-डेटिंग और अनधिकृत हस्तक्षेप की स्वतंत्र जांच
- जांच पूरी होने तक संबंधित फाइलों को सुरक्षित रखने का आदेश
- दोषी अधिकारियों पर कठोर विभागीय कार्रवाई
- निगम में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सख्त दिशा-निर्देश
ALSO READ: रांची: CBSE के क्लस्टर सिस्टम का विरोध, सड़क पर उतरे छात्र और शिक्षक, आइसा ने किया जोरदार प्रदर्शन
