Palamu: सिविल सर्जन डॉ.अनिल श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता के माध्यम से आमजन को भीषण गर्मी और लू से सुरक्षित रहने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं. उन्होंने बताया कि मौजूदा मौसम में बढ़ते तापमान के कारण स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, जो कभी-कभी जानलेवा भी साबित हो सकती हैं.
डॉ. श्रीवास्तव किन बातों पर दिया जोर, जानिए
डॉ. श्रीवास्तव ने जोर देते हुए कहा कि लू से बचने का सबसे प्रभावी तरीका शरीर को हाइड्रेटेड रखना है, इसलिए अधिक मात्रा में पानी का सेवन करें. उन्होंने सलाह दी कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच यदि अत्यंत आवश्यक न हो तो घर से बाहर न निकलें और कभी भी खाली पेट धूप में न जाएं.उन्होंने यह भी कहा कि यदि बाहर रहते हुए चक्कर आए या बेचैनी महसूस हो, तो तुरंत किसी छायादार या ठंडे स्थान पर जाकर विश्राम करें. शरीर को ठंडक पहुंचाने के लिए गीले सूती कपड़े से शरीर को पोंछना भी एक प्रभावी उपाय है.
सिविल सर्जन ने क्या चेतावनी दी ?
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने घरेलू उपायों के महत्व पर भी प्रकाश डाला.उन्होंने कहा कि घर में बना ओआरएस घोल, छाछ, दही, सत्तू का शरबत तथा अन्य तरल पदार्थों का नियमित सेवन करते रहना चाहिए.साथ ही दोपहर के समय भारी शारीरिक श्रम या अधिक मेहनत वाले कार्यों से बचने की आवश्यकता है.सिविल सर्जन ने चेतावनी दी कि यदि हीट स्ट्रोक के कारण याददाश्त प्रभावित होने लगे या मानसिक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो,तो इसे हल्के में न लें. उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष बेड आरक्षित किए गए हैं,जहाँ लोग आवश्यकता पड़ने पर तुरंत जांच और उपचार करा सकते हैं.
इसें भी पढ़े: महेश तिवारी का लाइसेंस सस्पेंड करने के आदेश पर HC की रोक, JSBC से मांगा जवाब
