Jamtara: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी शनिवार को जामताड़ा पहुंचे, उन्होंने सबसे पहले मृतक प्रसूता रीना देवी के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सरकारी सहायता का भरोसा दिलाया. इसके बाद उन्होंने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया.
तोड़फोड़ में एक करोड़ के नुकसान का दावा
अस्पताल निरीक्षण के दौरान मंत्री ने गुरुवार को हुई तोड़फोड़ से क्षतिग्रस्त मशीनों, इलेक्ट्रिक उपकरणों, खिड़की-दरवाजों और अन्य सामानों का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है और इसकी भरपाई दोषियों से कराई जाएगी.
आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश
मंत्री ने जामताड़ा SDO और SDPO को निर्देश देते हुए कहा कि तोड़फोड़ में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए. उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. गौरतलब है कि इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण समेत आठ लोगों के खिलाफ जामताड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
प्रसूता मौत मामले में जांच का भरोसा
रीना देवी की मौत पर मंत्री ने कहा कि महिला पहले से खून की कमी से पीड़ित थी और धनबाद में इलाज चल रहा था. उन्होंने कहा कि मामले में यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
अस्पताल व्यवस्था पर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर नाराजगी जताई. उन्होंने DS को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए और मरीजों से पैसे मांगने के आरोप में संबंधित कर्मी पर कार्रवाई की बात कही. उन्होंने 3 साल से अधिक समय से एक ही जगह तैनात डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के तबादले का भी निर्देश दिया. मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
