Bokaro : बेरमो अनुमंडल अंतर्गत गांधीनगर थाना क्षेत्र में हाईवा और बाइक में टक्कर हुई. मामला डीडी माइंस के समीप कुरपनिया-जरीडीह मुख्य मार्ग की है. जहां सोमवार रात्रि सड़क किनारे खड़े हाईवा से टकराने के कारण बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान धनंजय कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल ढोरी केंद्रीय अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बोकारो रेफर कर दिया.

जनगणना कार्य से लौट रहे थे युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक जनगणना से संबंधित कार्य पूरा कर कुरपनिया से करगली की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक हाईवा से जा टकरायी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं और वे सड़क पर गिर पड़े.
स्थानीय लोगों का कहना है कि डीडी माइंस के आसपास सड़क के दोनों ओर अक्सर हाईवा वाहन खड़े कर दिए जाते हैं. जिससे आवागमन बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे अनियंत्रित ढंग से खड़े किए जाने वाले वाहनों पर कार्रवाई करने की मांग की है.
ALSO READ : हजारीबाग : भीषण गर्मी में बेहाल जनता, हाई वोल्टेज से जले उपकरण, कुछ इलाकों में घंटों लोड शेडिंग
