Bokaro: कसमार प्रखंड के दांतू स्थित खेलाचंडी मंदिर परिसर में आयोजित श्री श्री 108 लक्ष्मीनारायण महायज्ञ सह श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत भव्य मेला उद्घाटन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ ने फीता काटकर किया. उद्घाटन के दौरान मेले में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी रही.
पारंपरिक स्वागत और सम्मान समारोह
एसडीओ मुकेश मछुआ के आगमन पर यज्ञ समिति की ओर से पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. इस अवसर पर समिति ने एसडीओ मुकेश मछुआ, कसमार अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो तथा पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया. इस दौरान कथा वाचकों एवं पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया.

धार्मिक आयोजन से सामाजिक समरसता मजबूत: SDO
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओ मुकेश मछुआ ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करते हैं. उन्होंने कहा कि महायज्ञ जैसे आयोजन लोगों को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा से जोड़ने का कार्य करते हैं.
Also Read: EXCLUSIVE: झारखंड पुलिस में अब डिजिटल क्रांति: FIR और फाइनल फॉर्म पर होंगे थाना प्रभारियों के ई-साइन
भजन और लोकगीतों ने बांधा समां
इस दौरान तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो ने मंच से झारखंडी लोकगीत एवं भजन प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. इधर, महायज्ञ स्थल पर दिनभर पूजा-अर्चना, यज्ञ परिक्रमा एवं कथा श्रवण के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. आचार्य अंजनी शरण शास्त्री के निर्देशन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं.
15 मई तक चलेगा महायज्ञ
यज्ञ समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार नायक ने बताया कि महायज्ञ 15 मई तक चलेगा. उन्होंने कहा कि 14 मई को श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा तथा 15 मई को विशाल जागरण एवं महाभंडारा का आयोजन किया जाएगा.
मेले में दिखी लोगों की भारी भीड़
मेले में झूला, मीना बाजार, मिठाई, खिलौना एवं अन्य दुकानों में लोगों की अच्छी भीड़ देखी जा रही है. मौके पर नागेंद्र कुमार नायक, मनोज Kumar नायक, पारस नायक, अजय कुमार नायक, कुणाल किशोर, चंदन कुमार भारती, रमेश चंद्र दसौंधी, महेश्वर नायक, मुरलीधर नायक, विमल प्रसाद नायक, डॉ. विष्णु प्रकाश, गंगासागर साव, बालेश्वर नायक, बासुदेव नायक, नरेश नायक, भुवनेश्वर नायक, संतोष नायक, मिथिलेश नायक, मुकुंद दसौंधी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे.
