Ranchi: सरकारी दफ्तरों की लंबी प्रक्रियाओं के बीच रांची जिला प्रशासन का जनता दरबार आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है. आज विभिन्न प्रखंडों और अंचलों में आयोजित जनता दरबार में सैकड़ों लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया. उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आयोजित इस पहल में लोगों को मौके पर ही कई जरूरी प्रमाण पत्र दिए गए, जबकि राजस्व और दाखिल-खारिज से जुड़े मामलों का भी तेजी से निष्पादन हुआ. अंचल कार्यालयों में सुबह से ही ग्रामीणों और आम नागरिकों की भीड़ उमड़ी रही. किसी को आय प्रमाण पत्र मिला, तो किसी को जाति और आवासीय प्रमाण पत्र. कई ऐसे लोग भी थे जिन्हें लंबे समय से अपने आवेदन के निष्पादन का इंतजार था, लेकिन जनता दरबार में उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान हुआ. प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशीलता से लोगों के चेहरों पर संतोष साफ दिखाई दिया.
यह भी पढ़ें: झारखंड के 10 फेमस वॅाटर फॅाल : प्रकृति की खूबसूरती का अद्भुत संगम

मौके पर कई प्रमाण-पत्र दिए गए
सोनाहातु अंचल में जामुदाग निवासी सुनीता देवी और दानाडीह के प्रकाश साहू को पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र सौंपा गया. वहीं मांडर अंचल में अनीता बाड़ा और गुलजहां खातून को आय प्रमाण पत्र तथा साहिल उरांव को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. नवाटांड़ मौजा निवासी अमीना खातून के म्युटेशन मामले में भी प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुद्धि पत्र जारी किया.

यह भी पढ़ें: ड्यूटी में लापरवाही मामले में हस्तक्षेप से HC का इंकार, याचिका खारिज
चान्हो में सबसे ज्यादा मामलों का निष्पादन
जनता दरबार के दौरान चान्हो अंचल में सबसे अधिक 132 मामलों का समाधान किया गया. इसके अलावा अरगोड़ा में 100, नामकुम में 97, मांडर में 87, सिल्ली में 77, ईटकी में 75, राहे में 71, खलारी में 68 और बुंडू में 37 मामलों का निष्पादन हुआ. इन मामलों में आय, जाति, आवासीय, पारिवारिक सदस्यता, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन, दाखिल-खारिज और अनुमति वाद से जुड़े आवेदन प्रमुख रहे.
