Jamtara: जिले के सदर अस्पताल में गुरुवार को प्रसूता की मौत के बाद परिजनों द्वारा चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार तथा अस्पताल में तोड़फोड़ किए जाने के विरोध में शुक्रवार को चिकित्सकों ने कार्य बहिष्कार किया. झारखंड मेडिकल एसोसिएशन के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन को चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ का भी समर्थन मिला. हड़ताल के कारण अस्पताल की OPD सेवाएं पूरी तरह बंद रहीं, जबकि आपातकालीन सेवाएं जारी रहीं.
जानें पूरा मामला
बता दें, बीते गुरुवार को शहर के महुलडंगाल निवासी एक प्रसूता की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा के साथ तोड़फोड़ की गई. इस दौरान सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा. कार्य बहिष्कार कर रहे चिकित्सकों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की. उनका कहना है कि जब तक आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती और चिकित्सकों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
अस्पताल में तोड़फोड़ करने वालों की जल्द हो गिरफ्तारी- चिकित्सक
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विक्की माझी ने कहा कि अस्पताल में तोड़फोड़ करने वालों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाए. उन्होंने कहा कि डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भय के माहौल में काम नहीं कर सकते, इसलिए प्रशासन को अस्पताल की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए. वहीं, नेत्र रोग पदाधिकारी डॉ. अशोक चौधरी ने कहा कि डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ इस प्रकार की घटनाएं लगातार हो रही हैं. उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए कहा कि मांगें पूरी होने तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा.
हड़ताल का असर मरीजों पर भी पड़ा
शुक्रवार सुबह मोहनपुर से प्रसव पीड़ा से पीड़ित नौ माह की गर्भवती महिला को एंबुलेंस से सदर अस्पताल लाया गया. परिजनों का आरोप है कि हड़ताल का हवाला देते हुए महिला को भर्ती नहीं किया गया और दूसरे अस्पताल जाने की सलाह देकर वापस भेज दिया गया. प्रसूता के पति और साथ आई सहिया ने बताया कि वे सुरक्षित प्रसव की उम्मीद लेकर सदर अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन इलाज नहीं मिलने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा. हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से देर शाम तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई.
