Jamtara: एक्सेल डेटा सर्विस द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सारथी योजना के मेगा स्किल सेंटर में शनिवार को मेगा प्लेसमेंट ड्राइव एवं प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम झारखंड कौशल विकास सोसाइटी (JSDMS) एवं श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ.
प्रतिष्ठित कंपनियों और स्थानीय नियोक्ताओं ने भाग लिया
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न ट्रेडों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 30 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि 8 अभ्यर्थियों को विभिन्न निजी कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर सौंपे गए. मेगा प्लेसमेंट ड्राइव में कई प्रतिष्ठित कंपनियों एवं स्थानीय नियोक्ताओं ने भाग लिया. इस दौरान अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता एवं कौशल के आधार पर चयन किया गया.
कौशल प्रशिक्षण देकर युवाओं को रोजगार से जोड़ना उद्देश्य
मुख्य अतिथि जिला कौशल पदाधिकारी प्रशांत टुडू ने कहा कि मुख्यमंत्री सारथी योजना का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से युवाओं के लिए बेहतर रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं और सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है.

ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में यूएनडीपी के प्रतिनिधि प्रवीण सिंह, एक्सेल डेटा सर्विस के प्लेसमेंट हेड मोहम्मद रजाक अहमद, प्रशिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षु उपस्थित रहे. अतिथियों ने चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं से अपने कौशल का बेहतर उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया.कार्यक्रम के अंत में चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत मिले प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर के लिए झारखंड सरकार, झारखंड कौशल विकास सोसाइटी और एक्सेल डेटा सर्विस के प्रति आभार व्यक्त किया.
ALSO READ: सूरज नायक मौत मामला: हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने निकाला कैंडल मार्च, निष्पक्ष जांच की मांग


