Jamtara: जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना परिसर में रविवार को बकरीद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा, सर्किल इंस्पेक्टर रवींद्रनाथ यादव, थाना प्रभारी मुराद हसन समेत जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे. बैठक के दौरान बकरीद पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्व मनाने की अपील की. सर्किल इंस्पेक्टर रवींद्रनाथ यादव ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को बेहतर माहौल देने की जरूरत है. हिंदू या मुस्लिम बनने से पहले एक अच्छा इंसान बनना सबसे महत्वपूर्ण है और सभी को इस बात का ध्यान रखना चाहिए.

एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्व मनाएं
वहीं थाना प्रभारी मुराद हसन ने कहा कि यदि किसी की कुर्बानी से किसी व्यक्ति की भावना आहत होती है तो वह कुर्बानी व्यर्थ हो जाती है. इसलिए सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाएं. बैठक में पुलिस पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट से सावधान रहने की अपील की. साथ ही कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई. मौके पर पंचायत समिति सदस्य पवन पोद्दार, दाल गोविंद रजक, बीरबल अंसारी, जावेद अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

यह भी पढें: पुलिस की वर्दी उतरवाने की धमकी पड़ी महंगी, दो आरोपी गिरफ्तार
