Seraikela: आदिम डेवलपमेंट सोसायटी और टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में कान्दरबेड़ा कला संस्कृति भवन में ‘ओलचिकी लिपि विद्यार्थी सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य ओलचिकी लिपि और संथाली भाषा के विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें शिक्षा, मातृभाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रेरित करना था.
5 प्रखंडों के 730 विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
समारोह में सरायकेला जिले के पांच प्रखंडों के कुल 730 विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया. वहीं जिला टॉपर, ब्लॉक टॉपर और 10 सेंटर टॉपर्स को मेडल, प्रशस्ति पत्र और गमछा भेंट कर विशेष सम्मान दिया गया.
गुरुवारी मार्डी बनीं जिला टॉपर
इस वर्ष गुरुवारी मार्डी (ओल चिकि सेंटर, चैनपुर-चांडिल) ने जिला टॉपर का स्थान हासिल किया. इसके अलावा चांडिल से संजु बेसरा, नीमडीह से लक्ष्मी हांसदा, राजनगर से निकिता हांसदा, ईचागढ़ से जयचांद मार्डी और कुकड़ू से संगीता मांझी अपने-अपने प्रखंड की टॉपर रहीं.
मातृभाषा और संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश
कार्यक्रम का नेतृत्व आदिम डेवलपमेंट सोसायटी के सचिव बाबू राम सोरेन ने किया. उन्होंने कहा कि मातृभाषा में शिक्षा और ओल चिकि लिपि का संरक्षण समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का आह्वान किया.
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
समारोह में उपाध्यक्ष धनंजय मुरमू, मांझी बाबा इन्द्र टुडू, आसनबनी की मुखिया बिदु मुर्मू, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के प्रतिनिधि सचिन महतो, नेपाल चंद्र बेसरा, सुनील मार्डी, बिजय मुर्मू, गणेश सोरेन, सुदन टुडू, परमेश्वर मार्डी, सुकलाल और अनिता समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में आदिम डेवलपमेंट सोसायटी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार जताया तथा भविष्य में भी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया.

