Ranchi: जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV), मेसरा ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा 6 में नामांकन के लिए आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST-2027) की आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके साथ ही अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण का पोर्टल भी खोल दिया गया है.
31 जुलाई तक करें निःशुल्क आवेदन
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, पात्र विद्यार्थी 31 जुलाई 2026 तक बिना किसी शुल्क के ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे. अभिभावकों से अपील की गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.
पूरी प्रवेश प्रक्रिया होगी ऑनलाइन
विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रवेश प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से होगी और आवेदन के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा. इसलिए इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित करें.
