Ranchi: झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग का आगाज आज जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ हुआ. क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय क्रिकेट के महान कप्तान और रांची के गौरव महेंद्र सिंह धोनी की मौजूदगी रही. धोनी को अपने बीच देखकर स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया और पूरा जेएससीए परिसर तालियों और नारों से गूंज उठा. उद्घाटन समारोह में धोनी के साथ जेएससीए अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव, सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे. सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए टूर्नामेंट के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं. जेएससीए अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने कहा कि उद्घाटन समारोह और पहले दिन दर्शकों की उपस्थिति उम्मीद से कहीं बेहतर रही. उन्होंने बताया कि झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग राज्य के युवा और उभरते हुए क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच उपलब्ध करा रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में झारखंड से और अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे.


लीग का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल प्रदान करना
उन्होंने कहा कि वर्तमान में झारखंड के छह खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का हिस्सा हैं और आने वाले समय में यह संख्या दहाई के आंकड़े तक पहुंच सकती है. लीग का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल प्रदान करना और उन्हें बड़े मंचों के लिए तैयार करना है. महेंद्र सिंह धोनी की मौजूदगी ने उद्घाटन समारोह को और खास बना दिया. क्रिकेट प्रेमियों ने अपने चहेते खिलाड़ी की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में स्टेडियम का रुख किया. पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जिससे यह साफ संकेत मिला कि झारखंड में क्रिकेट के प्रति लोगों का जुनून लगातार बढ़ रहा है.
यह भी पढ़ें: झारखंड में बकाया टैक्स विवादों के निपटारे के लिए नया कानून जल्द, सरकार ने मांगे सुझाव
