Click Here
Click Here

चतरा: MCC के नाम पर छह ग्रामीणों के अपहरण का खुलासा

Chatra: जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के टूटीलावा इलाके से छह ग्रामीणों के अपहरण मामले का चतरा पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते...

Chatra: जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के टूटीलावा इलाके से छह ग्रामीणों के अपहरण मामले का चतरा पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो वयस्क अपराधी तथा तीन नाबालिग शामिल हैं. पुलिस ने अपहृत सभी ग्रामीणों को सकुशल बरामद कर लिया है. मामले की जानकारी शनिवार को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब ने दी.

18 जून को हुआ था अपहरण

उन्होंने बताया कि बीते 18 जून को कुछ हथियारबंद अपराधियों ने सिमरिया थाना क्षेत्र के टूटीलावा इलाके से छह ग्रामीणों का अपहरण कर लिया था. अपहरण के बाद अपराधी स्वयं को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन एमसीसी का सदस्य बताते हुए ग्रामीणों के परिजनों से एक लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे थे.

add1

विशेष टीम ने की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचना और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अपहरण कांड में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अपराधियों में रमेश गंझू, सतीश कुमार गंझू तथा तीन नाबालिग शामिल हैं. हालांकि इस घटना में शामिल एक अन्य अपराधी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.

Also Read: EXCLUSIVE: चाईबासा ट्रेजरी घोटाला – ओडिशा, मोरहाबादी, पोटका और चाईबासा में SBI खातों में किए गए लाखों रुपये ट्रांसफर

MCC का नाम लेकर फैला रहे थे डर

एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि अपराधियों ने लोगों में भय पैदा करने और अवैध वसूली करने के उद्देश्य से एमसीसी संगठन का नाम इस्तेमाल किया था. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों का किसी उग्रवादी संगठन से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध है अथवा नहीं.

हथियार भी बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं. सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत किया जा रहा है. वहीं नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई के लिए बाल न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है.

पुलिस ने की अपील

एसडीपीओ ने कहा कि चतरा पुलिस जिले में अपराध और रंगदारी की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है. अपहरण जैसी गंभीर घटना का त्वरित खुलासा पुलिस की सक्रियता और पेशेवर कार्यशैली का परिणाम है. उन्होंने आम लोगों से भी किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *