Koderma: कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदोडीह गांव में एक विवाहिता की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई. मृतका की पहचान 25 वर्षीय अर्चना कुमारी, पति- संतोष कुमार पंडित के रूप में हुई है. घटना की जानकारी देते हुए मृतका के भाई अनिल पंडित ने बताया कि अर्चना की शादी साल 2018 में नंदोडीह निवासी संतोष पंडित के साथ हिन्दू रीति रिवाज से हुई थी. शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था. इस दौरान अर्चना ने दो बच्चियों को जन्म दिया. अभी कुछ महीने पहले अर्चना और संतोष के बीच किसी बात को लेकर कहा-सुनी हुई थी, जिसे पारिवारिक स्तर पर निपटा दिया गया था. इसके बाद से ससुराल वाले लगातार अर्चना को किसी न किसी बात को लेकर प्रताड़ित करते रहते थे. इधर बुधवार की सुबह उन्हें अर्चना की ननद ने फोन कर सूचना दी कि अर्चना की तबीयत काफी ज्यादा खराब हो गई है. जिस पर उन्होंने कहा कि उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे. इसके बाद फोन काट दिया गया. उन्हें संदेह हुआ. जब संतोष पंडित को फोन लगाया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था. इसके मायके वाले बिना विलंब किए अर्चना के ससुराल नंदोडीह पहुंचे. वहां पहुंचने पर मायके वालों ने देखा कि अर्चना अपने घर के अंदर बाथरूम के समीप मृत अवस्था में पड़ी हुई थी. उसके गले पर फंदे का निशान बना हुआ था.
यह भी पढ़ें : दिव्यांग शीला कुमारी की फरियाद सुनने सीढ़ियों तक पहुंचे उपायुक्त, अधिकारियों को दिए तुरंत समाधान के निर्देश
घटना के बाद मृतका के पति और ससुराल वाले फरार
मृतका अर्चना के मायके वालों ने संदेह जताया कि अर्चना को उसके पति और ससुराल वालों ने हत्या कर उसे बाथरूम के बाहर फेंक दिया. इधर घटना के बाद मृतका के पति संतोष पंडित और उसके ससुराल वाले घर से फरार हैं. मृतका के मायके वालों ने जमकर हंगामा किया. घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना प्रभारी विकास कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुट गए. मायके वालों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपी पति और उसके परिजनों को गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई करे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है. थाना प्रभारी विकास कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा. बता दें कि मृतका के पति संतोष गांव के समीप एक किराने की दुकान चलाते हैं.
यह भी पढ़ें : पलामू में विनीत तिवारी हत्याकांड को लेकर परिजनों में आक्रोश, मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आज निकलेगा कैंडल मार्च
