Koderma: तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 28 मड़ुआटांड़ स्थित एक बंद मकान में चोरी की घटना सामने आई है. अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर मोटरसाइकिल, एलपीजी सिलेंडर सहित अन्य सामान चोरी कर लिए.
घटना की जानकारी देते हुए गृहस्वामी प्रकाश चौधरी ने बताया कि वह मूल रूप से जयनगर थाना क्षेत्र के पावर हाउस डंडाडीह के निवासी हैं. उन्होंने यह मकान वर्ष 2010 में बनवाया था। वर्ष 2022 तक उनके बेटे, बहू और पोता इसी मकान में रहते थे. इसके बाद वे सभी दिल्ली चले गए.तब से मकान बंद पड़ा था.
2 जुलाई को आखिरी बार मकान में लगाया था ताला
प्रकाश चौधरी बीच-बीच में डंडाडीह से आकर इसकी देखरेख करते रहते हैं. उन्होंने बताया कि 2 जुलाई को वे आखिरी बार मकान की जांच कर ताला लगाकर गए थे. मंगलवार को जब वह मड़ुआटांड़ स्थित मकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटकर बगल में पड़ा था और दरवाजा खुला था. अंदर जाकर देखा तो पहले कमरे में रखी मोटरसाइकिल गायब थी. बहू के कमरे में रखा बक्सा भी टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था. रसोई में रखा भरा हुआ एलपीजी सिलेंडर भी गायब मिला.

चोरी हुए जेवरात और नगदी सटीक हिसाब नहीं
प्रकाश चौधरी ने बताया कि बक्से में क्या सामान था इसकी जानकारी उन्हें नहीं है. बहू के आने के बाद ही पता चल पाएगा कि जेवरात और नगदी में कितनी चोरी हुई है. सूचना पर तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 2 जुलाई के बाद किस दिन चोरी की घटना को अंजाम दिया गया.
ALSO READ : भारी बारिश ने खोली NHAI की तैयारियों की पोल, जलजमाव और टूटी सड़क से हजारीबाग बेहाल


