Koderma: जिले के मरकच्चो प्रखंड अंतर्गत पुनर्वास गांव में जंगली खुखड़ी खाने से एक ही परिवार के चार सदस्य बीमार हो गए. घटना के बाद सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरकच्चो में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
खुखड़ी खाने के बाद शुरू हुई परेशानी
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर भोजन में जंगली खुखड़ी खाने के कुछ समय बाद परिवार के सदस्यों को अचानक उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत होने लगी. हालत बिगड़ने पर परिजनों ने देर शाम सभी को अस्पताल पहुंचाया.
चार लोगों का अस्पताल में हुआ इलाज
बीमार लोगों में गोविंद महतो (70 वर्ष), रीना देवी (40 वर्ष), खुशबू कुमारी (21 वर्ष) और पिंकी देवी (35 वर्ष) शामिल हैं. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने सभी का तत्काल इलाज शुरू किया और जरूरी दवाएं दीं. इलाज के बाद सभी की हालत अब सामान्य है.
डॉक्टरों ने जहरीली खुखड़ी से बचने की दी सलाह
चिकित्सकों ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण स्थिति को नियंत्रित किया जा सका. डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि जंगल से मिलने वाली खुखड़ी या अन्य वन उत्पादों का सेवन बिना सही पहचान के न करें. उन्होंने कहा कि कई प्रकार की जंगली खुखड़ी जहरीली होती हैं, जिनके सेवन से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. खुखड़ी खाने के बाद उल्टी, चक्कर, पेट दर्द या अन्य लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराना चाहिए.
ALSO READ: चाईबासा: JMM बुद्धिजीवी मोर्चा की बैठक, प्रखंड कमेटी गठन पर मंथन
