Hazaribagh: झारखंड के उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में शिक्षा विभाग के भीतर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक कार्यालय द्वारा जारी आदेश के तहत प्रमंडल के सभी सात जिलों के शिक्षा कार्यालयों में लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत 74 शिक्षा कर्मियों का सामूहिक स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया गया है.
लंबे समय से जमे कर्मचारियों पर चली तबादले की प्रक्रिया
शिक्षा विभाग ने लंबे समय से एक ही कार्यालय या जिले में कार्यरत कर्मचारियों को स्थानांतरित कर प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और कार्यकुशलता लाने की पहल की है. जारी सूची के अनुसार- 3 वर्ष से अधिक समय तक एक ही कार्यालय में कार्यरत 23 कर्मियों का तबादला किया गया. 6 वर्ष से अधिक समय तक एक ही जिले में पदस्थापित 41 कर्मचारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई. 8 से 12 वर्षों तक एक ही स्थान पर कार्यरत 10 कर्मियों का भी जिला अथवा कार्यालय बदल दिया गया. इस व्यापक कार्रवाई को विभागीय व्यवस्था में संतुलन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

हजारीबाग DEO कार्यालय के बदले अधिकांश पुराने चेहरे
इस तबादला सूची का सबसे अधिक असर हजारीबाग जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय पर देखने को मिला. यहां वर्षों से कार्यरत कई कर्मचारियों का स्थानांतरण कर दिया गया है. तबादले के तहत केशव कुमार और अंकित कुमार को डीईओ कार्यालय से जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग भेजा गया है. वहीं कुमार परमानंदम को रामगढ़ तथा परवेज आलम को चतरा में नई जिम्मेदारी दी गई है. दूसरी ओर डीएसई कार्यालय हजारीबाग में कार्यरत संजीव कुमार का स्थानांतरण धनबाद कर दिया गया है. इस बदलाव के बाद हजारीबाग डीईओ कार्यालय में दूसरे जिलों से नए कर्मियों की तैनाती होगी.
शिक्षा विभाग में बदलाव को लेकर बढ़ी उम्मीदें
एक साथ 74 कर्मचारियों के स्थानांतरण और नई जिला शिक्षा पदाधिकारी की नियुक्ति के बाद शिक्षा विभाग में नई कार्यसंस्कृति और प्रशासनिक सक्रियता की उम्मीद बढ़ गई है. विभागीय अधिकारियों का मानना है कि लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत कर्मचारियों के स्थानांतरण से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी और शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी.
AlsoRead:रांची: घरेलू विवाद में युवक ने खाया जहर, अस्पताल में भर्ती


