Koderma : जिले में पुलिस को एक सफलता हाथ लगी है. तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा इलाके में सोमवार की देर रात पुलिस और बेखौफ अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद बैंक ऑफ महाराष्ट्र को लूटने की एक गंभीर साजिश को नाकाम कर दिया गया है. इस दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे चौथे अपराधी को मुठभेड़ में पैर में गोली लगी है.


हजारीबाग पुलिस के इनपुट पर हुई त्वरित कार्रवाई:
कोडरमा पुलिस को हजारीबाग पुलिस की ओर से गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी बैंक ऑफ महाराष्ट्र, कोडरमा में डकैती की योजना बनाने के मकसद से इंदरवा इलाके में इकट्ठा हुए हैं. सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए कोडरमा पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की. घेराबंदी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन अपराधियों सन्नी कुमार, अतुल कुमार और अमन राज को हिरासत में ले लिया.
बचाव में पुलिस ने चलाई गोली, मुख्य आरोपी घायल:
कार्रवाई के दौरान गिरोह का चौथा सदस्य प्रिंस पांडेय उर्फ बाबा भागने लगा. पुलिस को अपनी ओर आते देख प्रिंस पांडेय ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ पांच राउंड फायरिंग कर दी. पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें एक गोली प्रिंस पांडेय के दाहिने पैर में जा लगी. गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. घायल अपराधी प्रिंस पांडेय को तुरंत इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है.
हथियारों का जखीरा और रेकी का वीडियो बरामद:
तलाशी के दौरान पुलिस को अपराधियों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस मिले हैं. जिनमें तीन अवैध पिस्तौल, पांच मैगजीन,15 राउंड जिंदा गोलियां शामिल है. इसके अलावा, जब्त किए गए अपराधियों के मोबाइल फोन की जांच में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की रेकी किए जाने के वीडियो और तस्वीरें भी बरामद हुई हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि वे बैंक में एक बड़ी डकैती को अंजाम देने ही वाले थे.

