NewsWave की खबर का बड़ा असर: डांडीघुटु के जल संकट पर सरकार सख्त, समाधान के दिए त्वरित निर्देश

Giridih: गिरिडीह जिले के जीतपुर पंचायत अंतर्गत दुर्गापहरी ग्राम के टोला डांडीघुटु में लंबे समय से जारी पानी की समस्या को लेकर...

Giridih: गिरिडीह जिले के जीतपुर पंचायत अंतर्गत दुर्गापहरी ग्राम के टोला डांडीघुटु में लंबे समय से जारी पानी की समस्या को लेकर प्रकाशित खबर का अब बड़ा असर देखने को मिल रहा है. स्थानीय स्तर पर गंभीर होती इस समस्या को जब News Wave ने प्रमुखता से उठाया, तो मामला सीधे राज्य सरकार तक पहुंच गया.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस खबर पर संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और राज्य के जल संसाधन मंत्री योगेंद्र प्रसाद को ट्वीट कर पूरे मामले की जानकारी लेने तथा आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई है.

मंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन सक्रिय

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव को तत्काल संज्ञान लेने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि डांडीघुटु में पानी की समस्या का जल्द स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके.

ALSO READ: आपसी सहमति से सुलझा पारिवारिक विवाद, दंपति ने फिर साथ जीने का लिया फैसला

वर्षों से जूझ रहे ग्रामीण, अब जगी उम्मीद

गौरतलब है कि डांडीघुटु में पानी की समस्या काफी समय से गंभीर बनी हुई है. स्थिति यह है कि ग्रामीणों को बुनियादी जरूरतों के लिए भी दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है. यहां तक कि पानी की किल्लत के कारण लोग इस क्षेत्र में शादी-विवाह जैसे सामाजिक कार्यक्रम करने से भी कतराने लगे हैं.

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि मामला मुख्यमंत्री स्तर तक पहुंचने के बाद अब जल्द ठोस कार्रवाई होगी और उन्हें वर्षों पुरानी समस्या से निजात मिलेगी. ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाते हैं, तो यह पहल आसपास के अन्य क्षेत्रों के लिए भी राहत का कारण बन सकती है.

 

मीडिया की सजगता का दिखा प्रभाव

यह पूरा घटनाक्रम इस बात का उदाहरण है कि मीडिया की सजगता और जिम्मेदार रिपोर्टिंग किस तरह आम जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *