Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है. इस अभियान में कुल 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम को गुप्त सूचना मिली थी कि नौबामुंडी थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की कोशिश कर रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, किरीबुरू के नेतृत्व में नौबामुंडी, किरीबुरू और बड़ा जामदा थाना पुलिस की संयुक्त छापेमारी टीम गठित की गई.
पुलिस ने मिलकर चलाया संयुक्त अभियान
इसी दौरान जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना पुलिस भी मोटरसाइकिल चोरी के मामले में सक्रिय थी. इसके बाद दोनों जिलों की पुलिस ने मिलकर संयुक्त अभियान चलाया. छापेमारी के दौरान नौबामुंडी थाना क्षेत्र के दुकासाई से सोनू लोहरा उर्फ भोला (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर पांच मोटरसाइकिल बरामद की गई.आगे की कार्रवाई में दूसरे आरोपी राज पूर्ति (23 वर्ष), निवासी टोटोगांडा, थाना छोटानागरा की निशानदेही पर टोटोगांडा गांव से नौ मोटरसाइकिल तथा किरीबुरू थाना क्षेत्र के टोटीबा, बिरहोर टोला से छह मोटरसाइकिल बरामद की गई.
पुलिस के अनुसार बरामद कुल 20 मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत लगभग 25 से 30 लाख रुपये बताई जा रही है. बरामद वाहनों में होंडा एक्टिवा, बजाज पल्सर NS-200, हीरो सुपर स्प्लेंडर, यामाहा R15, यामाहा FZ, होंडा शाइन, यामाहा फेजर और फसिनो सहित कई दोपहिया वाहन शामिल है. इस अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरू बिनित कुमार किंडो ने किया. छापेमारी दल में नौबामुंडी, किरीबुरू, बड़ा जामदा और सिदगोड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे.
ALSO READ: झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन पलामू के संरक्षक बने वित्त मंत्री राधाकृष्णन किशोर
