-
सीसीटीवी निगरानी, विजिटर मैनेजमेंट और सूचना प्रौद्योगिकी ढांचे को किया जाएगा सुदृढ़
Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग, रांची परिसर में आधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, आगंतुक प्रबंधन प्रणाली तथा संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी ढांचे की स्थापना की जाएगी. इसके लिए सिस्टम इंटीग्रेटर के चयन की प्रक्रिया चल रही है. इस परियोजना के तहत आयोग परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और तकनीक आधारित बनाया जाएगा. सीसीटीवी निगरानी प्रणाली के माध्यम से परिसर की गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा सकेगी, जबकि विजिटर मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए आगंतुकों के प्रवेश और आवागमन का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा. जानकारों के अनुसार, इस तरह की आधुनिक प्रणालियां सरकारी संस्थानों में पारदर्शिता, सुरक्षा और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. इससे आयोग परिसर में आने वाले अभ्यर्थियों, कर्मचारियों और आगंतुकों की सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी. आयोग द्वारा जारी निविदा प्रक्रिया के तहत तकनीकी बोली खोलने की नई तिथि अब पहली जून 2026 निर्धारित की गई है.

